जयपुर, 22 मई ।
बनीपार्क थाना पुलिस ने वांछित अपराधियों और इनामी बदमाशों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 11 वर्षों से फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी और स्थायी वारंटी आरोपी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजाराम प्रजापत उर्फ राजाराज प्रजापत (32) निवासी कालवाड़, जयपुर हाल झोटवाड़ा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ जयपुर शहर के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक षड्यंत्र से जुड़े पांच से अधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि जांच में सामने आया है कि आरोपी ने “सनड्रिम हाउस लैंड डवलपर्स” और “सुंदरम हाउसेस एंड लैंड डवलपर्स” के नाम से फर्जी फर्म बनाकर लोगों को फ्लैट बेचने के नाम पर ठगी की। इस दौरान उसने करीब दो करोड़ रुपये के इकरारनामे किए और लगभग डेढ़ करोड़ रुपये वसूल लिए, जबकि बाद में उन्हीं फ्लैटों की रजिस्ट्री अन्य लोगों के नाम कर दी गई।
मामले दर्ज होने के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए असम भाग गया, जहां वह कई वर्षों तक छिपा रहा। इसके बाद वह जयपुर लौटकर अलग-अलग स्थानों पर नाम और पहचान बदलकर किराए पर रहने लगा और पुलिस से बचता रहा।
बनीपार्क थानाधिकारी मनोज बेरवाल ने बताया कि तकनीकी और मैन्युअल जांच के आधार पर आरोपी को मुरलीपुरा क्षेत्र स्थित सोनी का बाग इलाके से गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ बनीपार्क, वैशाली नगर और करधनी थानों में भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं।
लंबे समय तक अदालत में पेश नहीं होने के कारण न्यायालय ने उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। फरारी के चलते 8 अगस्त 2025 को उस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। आशंका है कि फरारी के दौरान उसने जयपुर और आसपास के क्षेत्रों में फर्जी पहचान के सहारे अन्य ठगी की वारदातों को भी अंजाम दिया हो सकता है। पुलिस को उससे कई और मामलों के खुलासे की उम्मीद है।






.jpg)







