जगदलपुर, 19 मई।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में मंगलवार को जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं उच्चस्तरीय बैठक शुरू हो गई है। इसमें छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, उत्तराखंड और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री शामिल हैं। बस्तर में पहली बार हो रही इस बैठक को सुरक्षा, विकास और राज्यों के बीच समन्वय के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां कार्यक्रम को लेकर पूरी तरह अलर्ट हैं। जगदलपुर शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। बैठक में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने माेहन यादव और पुष्कर सिंह धामी का स्वागत किया। वहीं उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार सुबह ही शहर पहुंच गए। एयरपोर्ट से बैठक स्थल तक सभी मार्गों पर सुरक्षा एजेंसियों की कड़ी निगरानी की जा रही है।
बैठक में अंतरराज्यीय समन्वय, आंतरिक सुरक्षा, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, पोषण योजनाएं, बिजली, शहरी विकास, सहकारिता और प्रशासनिक सहयोग जैसे विषयों पर विस्तृत मंथन किया जाएगा। राज्यों के बीच बेहतर तालमेल और विकास परियोजनाओं को तेज गति देने के लिए साझा रणनीति तैयार होने की संभावना है।
विशेषज्ञों का कहना है कि परिषद की बैठक के बाद बस्तर और मध्य क्षेत्र के राज्यों में विकास परियोजनाओं को नई रफ्तार मिल सकती है। साथ ही नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और समन्वित कार्रवाई के लिए रोडमैप तैयार किया जा सकता है।
कभी नक्सली घटनाओं के लिए चर्चा में रहने वाला बस्तर अब तेजी से विकास और शांति की दिशा में बढ़ता दिखाई दे रहा है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है और बस्तर अब शांति, विश्वास और विकास की नई पहचान बन रहा है।






.jpg)






