जगदलपुर, 19 मई ।
छत्तीसगढ़ के बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर में पहली बार केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं उच्चस्तरीय बैठक में अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और कुपोषण से निपटने के लिए व्यापक कार्ययोजना पर सहमति बनी। बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
बैठक के दौरान राज्यों के बीच खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। साथ ही सीमावर्ती जिलों में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए बेहतर पुलिसिंग और हाईटेक गवर्नेंस व्यवस्था विकसित करने पर सहमति बनी। सुरक्षा से जुड़े मुद्दों के साथ आदिवासी क्षेत्रों के विकास को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में बस्तर और आसपास के आदिवासी इलाकों में सड़क, रेल और दूरसंचार कनेक्टिविटी को तेजी से विस्तार देने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के साथ महिला उत्पीड़न और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों में त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के लिए सख्त रणनीति तैयार करने पर भी जोर दिया गया।
माना जा रहा है कि परिषद की इस बैठक के बाद बस्तर समेत मध्य क्षेत्र के राज्यों में विकास परियोजनाओं को नई गति मिल सकती है। बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए।
विवरण: जगदलपुर में आयोजित 26वीं मध्य क्षेत्रीय परिषद बैठक में अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और आदिवासी क्षेत्रों के विकास से जुड़े कई अहम फैसलों पर सहमति बनी।






.jpg)






