मध्य प्रदेश
19 May, 2026

36 घंटे में झारखंड से मिली अपहृत मासूम, सिंगरौली पुलिस की बड़ी कामयाबी

सिंगरौली, 19 मई । महज 36 घंटे के भीतर दो वर्षीय अपहृत बालिका को झारखंड से सकुशल बरामद कर सिंगरौली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई, तकनीकी विश्लेषण और संवेदनशीलता का परिचय दिया।

सिंगरौली, 19 मई ।

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा गुम और अपहृत बच्चों की शीघ्र तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिंगरौली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। जिले से अपहृत दो वर्षीय बालिका को महज 36 घंटे के भीतर झारखंड से सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया गया। इस कार्रवाई से परिजनों के चेहरे पर राहत लौट आई और पुलिस के प्रति भरोसा भी मजबूत हुआ।

जानकारी के अनुसार, 16 मई को बैढ़न थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह बस स्टैंड पर अपनी दो वर्षीय पुत्री के साथ सो रहा था। देर रात नींद खुलने पर बच्ची गायब मिली। आसपास तलाश के बाद भी पता नहीं चलने पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन में विशेष एसआईटी गठित की गई। उप पुलिस अधीक्षक रोशनी पटेल सहित थाना और चौकी प्रभारियों के नेतृत्व में करीब 150 पुलिसकर्मियों की 10 टीमों को बच्ची की तलाश में लगाया गया। साथ ही जानकारी देने वाले के लिए 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई।

तलाशी अभियान के दौरान जिले सहित अन्य स्थानों और सीमावर्ती राज्यों में रेडियो संदेश प्रसारित किए गए। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, अस्पताल, डैम, नदी किनारों और सुनसान क्षेत्रों में सघन खोजबीन की गई। पुलिस ने करीब 200 सीसीटीवी फुटेज की जांच की और बच्ची की तस्वीरें सार्वजनिक स्थलों, बसों और ऑटो में चस्पा कर सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित कीं।

तकनीकी विश्लेषण में एक संदिग्ध व्यक्ति बच्ची के साथ बैढ़न से बिलौजी और आगे माजन मोड़ की ओर जाता दिखाई दिया। बस चालकों, परिचालकों और ऑटो चालकों से पूछताछ के बाद पुलिस को पता चला कि संदिग्ध झारखंड के लातेहार जिले के बालूमार थाना क्षेत्र स्थित मासीआतो गांव का निवासी है और बच्ची को अपने साथ गांव ले गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीम झारखंड रवाना हुई और आरोपित को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दो वर्षीय बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।

मध्यप्रदेश पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी बालक या बालिका के गुम होने अथवा संदिग्ध परिस्थिति में दिखने पर तत्काल नजदीकी थाने या डायल-112 को सूचना दें, ताकि समय रहते त्वरित कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर “मुस्कान अभियान” के तहत ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़