सरकार व नीतियाँ
19 May, 2026

आतंकवाद पर भारत-नॉर्डिक देशों का सख्त संदेश, मोदी बोले- नो कम्प्रोमाइज

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ओस्लो में कहा कि भारत और नॉर्डिक देश आतंकवाद पर ‘नो कम्प्रोमाइज, नो डबल स्टैंडर्ड’ की नीति के साथ नियम-आधारित वैश्विक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एकजुट हैं।

ओस्लो, 19 मई ।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि वैश्विक तनाव और संघर्ष के मौजूदा माहौल में भारत और नॉर्डिक देश नियम-आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को मजबूत करने और आतंकवाद के खिलाफ ‘नो कम्प्रोमाइज, नो डबल स्टैंडर्ड’ की नीति पर एकमत हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आतंकवाद को लेकर किसी भी स्तर पर समझौते या दोहरे मापदंड की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।

नॉर्डिक देशों के नेताओं के साथ संयुक्त प्रेस वक्तव्य में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यूक्रेन, पश्चिम एशिया और अन्य क्षेत्रों में जारी संघर्षों के बीच भारत और नॉर्डिक देश शांति प्रयासों का समर्थन करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि सभी पक्ष शत्रुता के जल्द अंत और स्थायी शांति के पक्षधर हैं। साथ ही बहुपक्षीय संस्थाओं में सुधार को समय की अहम जरूरत बताया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र, कानून के शासन और बहुपक्षवाद के प्रति समान प्रतिबद्धता भारत और नॉर्डिक देशों को स्वाभाविक साझेदार बनाती है। उन्होंने कहा कि तकनीक और स्थिरता जैसे क्षेत्रों में साझा प्राथमिकताएं दोनों पक्षों के बीच सहयोग की नई संभावनाएं तैयार कर रही हैं।

मोदी ने कहा कि आठ वर्ष पहले भारत-नॉर्डिक प्रारूप की शुरुआत की गई थी और इसके बाद संबंधों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। पिछले दस वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार लगभग चार गुना बढ़ा है, जबकि नॉर्डिक देशों से भारत में निवेश करीब 200 प्रतिशत तक बढ़ा है। उन्होंने कहा कि नॉर्डिक निवेश फंड भारत की तेज आर्थिक वृद्धि में अहम भागीदार बन रहे हैं और इससे दोनों पक्षों में रोजगार के अवसर बढ़े हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अक्टूबर 2025 से नॉर्वे, आइसलैंड और अन्य ईएफटीए देशों के साथ व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौता लागू हो चुका है। साथ ही भारत और यूरोपीय संघ के बीच हालिया मुक्त व्यापार समझौते में डेनमार्क, फिनलैंड और स्वीडन भी शामिल हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन व्यापार समझौतों से भारत-नॉर्डिक संबंधों में नए स्वर्णिम दौर की शुरुआत होगी।

मोदी ने कहा कि रणनीतिक साझेदारी के तहत स्वीडन की उन्नत विनिर्माण और रक्षा क्षमता, फिनलैंड की दूरसंचार और डिजिटल विशेषज्ञता तथा डेनमार्क की साइबर सुरक्षा और हेल्थ टेक क्षमता को भारत की प्रतिभा के साथ जोड़कर वैश्विक स्तर पर भरोसेमंद समाधान विकसित किए जाएंगे। साथ ही अनुसंधान, नवाचार, स्टार्टअप, आर्कटिक और ध्रुवीय शोध, कौशल विकास और प्रतिभा आदान-प्रदान जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और विस्तार दिया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कई नॉर्डिक भाषाओं और हिंदी में ‘संबंध’ शब्द समान अर्थ रखता है, जो केवल भाषाई समानता नहीं बल्कि साझा सोच और मजबूत रिश्तों का प्रतीक भी है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़