अपराध
22 May, 2026

एसीबी की बड़ी कार्रवाई, बीएड छात्र से रिश्वत लेते दो प्रोफेसर गिरफ्तार

जयपुर में एसीबी ने टोंक के निवाई स्थित विश्वविद्यालय में बीएड छात्र से अनुपस्थिति सुधार और परीक्षा सुविधा के नाम पर 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते एचओडी और असिस्टेंट प्रोफेसर को गिरफ्तार किया।

जयपुर, 22 मई ।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) टोंक टीम ने कार्रवाई करते हुए टोंक जिले के निवाई स्थित डॉ. के.एन. मोदी विश्वविद्यालय में तैनात दो शिक्षकों को बीस हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बीएड छात्र की अनुपस्थिति सही करने, मुख्य परीक्षा में बैठाने और प्रवेश पत्र जारी करने के बदले रिश्वत मांगने के मामले में की गई।

एसीबी के पुलिस महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने जानकारी दी कि वर्ष 2024-26 के बीएड पाठ्यक्रम में अध्ययनरत एक छात्र की शिकायत पर कार्रवाई की गई। शिकायत में बताया गया कि एसोसिएट प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. मीनू गंगल और असिस्टेंट प्रोफेसर रमेशचंद मीणा द्वारा छात्र से 23 हजार रुपये की मांग की जा रही थी।

शिकायत के सत्यापन के दौरान यह बात स्पष्ट हुई कि आरोपित छात्र की उपस्थिति सुधारने और परीक्षा में बैठाने के साथ-साथ प्रवेश पत्र जारी करने के नाम पर रिश्वत की मांग कर रहे थे। सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं ट्रैप अधिकारी ऋषिकेश मीणा के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान आरोपितों द्वारा 20 हजार रुपये रिश्वत ली गई। जानकारी के अनुसार, डॉ. मीनू गंगल ने अपने कार्यालय कक्ष में सहयोगी रमेशचंद मीणा को छात्र से राशि लेने के लिए कहा, जिसके बाद रमेशचंद मीणा ने पैसे लेकर गिनती की और उन्हें अपनी जेब में रख लिया।

इसी दौरान एसीबी टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपितों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया तथा रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली। मामले में आगे की जांच जारी है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़