दिल्ली-एनसीआर
15 Apr, 2026

अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत दिल्ली में जन-जागरूकता अभियान शुरू, सुरक्षा मानकों को मिलेगी मजबूती

दिल्ली में अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत गृह मंत्री आशीष सूद ने ‘सुरक्षित विद्यालय’ अभियान शुरू किया, फायर सेफ्टी जागरूकता, मॉक ड्रिल, प्रशिक्षण और सुरक्षा नियमों के पालन पर जोर दिया।

नई दिल्ली, 15 अप्रैल।

दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने ‘अग्निशमन सेवा सप्ताह’ के अवसर पर राजधानी के विद्यालयों और अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जन-जागरूकता अभियान का वर्चुअल उद्घाटन किया। इस अभियान का संचालन शिक्षा विभाग और अग्निशमन सेवा विभाग द्वारा किया जा रहा है। इसी दौरान उन्होंने ‘सुरक्षित विद्यालय’ अभियान की भी शुरुआत की, जिसके तहत सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों में अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।

मंत्री सूद ने कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों और शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए अग्निशमन सेवा सप्ताह की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक मनाया जाने वाला यह सप्ताह देश के इतिहास में विशेष महत्व रखता है। उन्होंने 1944 में मुंबई के फोर्ट स्टिकिंग जहाज में लगी भीषण आग के दौरान शहीद हुए 66 फायरमैन को श्रद्धांजलि भी दी। साथ ही इस वर्ष की थीम— ‘सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल और अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज – एकजुट प्रयास’ का उल्लेख करते हुए कहा कि बच्चों का सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना समाज की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सूद ने बताया कि दिल्ली फायर सर्विस का मूल मंत्र “सेवा ही बचाव है” है और पिछले एक वर्ष में विभाग ने 36,877 आपातकालीन कॉल्स को सफलतापूर्वक संभाला है। विभाग लगातार तकनीक और प्रशिक्षण को मजबूत कर राजधानी को सुरक्षित बनाने में कार्य कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि आग से डरने की बजाय उसके प्रति जागरूक और तैयार रहना चाहिए तथा फायर सेफ्टी प्रोटोकॉल का पालन करना जरूरी है। स्कूलों में होने वाले मॉक ड्रिल और डेमोंस्ट्रेशन में सक्रिय भागीदारी जीवन रक्षा में सहायक होती है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि दिल्ली फायर सर्विस द्वारा अब तक 1000 से अधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से 50,000 से अधिक नागरिकों को प्रशिक्षित किया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने परिवार और समाज में फायर सेफ्टी जागरूकता फैलाएं और फायर सेफ्टी एंबेसडर बनें।

सूद ने कहा कि सुरक्षा केवल सरकार या विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह सामूहिक जिम्मेदारी है। छोटी सावधानियां जैसे आपातकालीन मार्ग खाली रखना, बिजली उपकरणों का सुरक्षित उपयोग करना, आग लगने पर लिफ्ट का प्रयोग न करना और 101 या 112 पर तुरंत सूचना देना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही स्कूल प्रबंधन को अग्नि सुरक्षा उपकरणों के उपयोग हेतु कर्मचारियों को आधुनिक प्रशिक्षण देने की बात भी कही गई।

उन्होंने सभी से यह संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे फायर सेफ्टी के प्रति जागरूक रहेंगे और सुरक्षित विद्यालय व समाज के निर्माण में योगदान देंगे। अंत में उन्होंने अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों से सतर्कता एवं सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि “आपकी सतर्कता, सबकी सुरक्षा” के संदेश के साथ सरकार सुरक्षित समाज निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। 

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़