अमेरिका/यूरोप
22 May, 2026

अमेरिका ने ग्रीन कार्ड नियम कड़े किए, अब आवेदन के लिए देश छोड़ना होगा

अमेरिका ने ग्रीन कार्ड आवेदन नियमों में बदलाव करते हुए कहा है कि अस्थायी वीजा धारकों को अब अधिकांश मामलों में अपने देश लौटकर ही स्थायी निवास के लिए आवेदन करना होगा।

नई दिल्ली, 22 मई ।

अमेरिकी नागरिकता एवं आव्रजन सेवाएं (यूएससीआईएस) ने ग्रीन कार्ड से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव करते हुए अस्थायी वीजा पर अमेरिका में रह रहे विदेशी नागरिकों के लिए नई नीति जारी की है। इस नीति के तहत अब अधिकांश मामलों में ग्रीन कार्ड के लिए आवेदन करने वाले लोगों को अमेरिका छोड़कर अपने देश से ही प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

नई व्यवस्था के अनुसार, छात्र, पर्यटक और अस्थायी कार्य वीजा जैसे गैर-आप्रवासी वीजा पर अमेरिका में मौजूद व्यक्तियों को अब स्थायी निवास (ग्रीन कार्ड) के लिए आवेदन करते समय अपने देश लौटकर अमेरिकी दूतावास या वाणिज्य दूतावास के माध्यम से प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

यूएससीआईएस ने स्पष्ट किया है कि अमेरिका के भीतर रहकर स्टेटस बदलने की सुविधा अब केवल “असाधारण परिस्थितियों” में ही दी जाएगी। सामान्य रूप से इसे सीमित मामलों में ही स्वीकार किया जाएगा।

एजेंसी के अनुसार यह बदलाव अमेरिकी आव्रजन कानून और न्यायिक फैसलों के अनुरूप है, जिनमें यह अपेक्षा की गई है कि गैर-आप्रवासी वीजा धारक अपनी आव्रजन प्रक्रिया विदेश स्थित अमेरिकी दूतावासों के माध्यम से पूरी करें।

यूएससीआईएस ने यह भी कहा कि अधिकारी हर मामले का व्यक्तिगत आधार पर मूल्यांकन करेंगे और सभी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया जाएगा कि किसी को देश के भीतर से आवेदन की अनुमति दी जाए या नहीं।

यूएससीआईएस प्रवक्ता जाक कहलर ने कहा कि यह कदम कानून की मूल भावना को बहाल करता है और इस अपेक्षा को मजबूत करता है कि अस्थायी वीजा धारकों को निर्धारित अवधि पूरी होने पर देश छोड़ देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि स्थायी निवास चाहने वालों को सामान्य परिस्थितियों में अपने देश से ही आवेदन करना चाहिए, जब तक कि कोई विशेष स्थिति इसकी अनुमति न दे।

प्रवक्ता के अनुसार इस बदलाव का उद्देश्य आव्रजन प्रणाली के दुरुपयोग को रोकना और अवैध रूप से देश में रहने की प्रवृत्ति को कम करना है।

उन्होंने यह भी बताया कि इससे यूएससीआईएस पर प्रशासनिक दबाव कम होगा और एजेंसी मानवतावादी वीजा, अपराध पीड़ित मामलों और नागरिकता आवेदनों जैसे अन्य महत्वपूर्ण कार्यों पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकेगी।

यह कदम ऐसे समय में सामने आया है जब अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की 23 मई को भारत यात्रा प्रस्तावित है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़