इंदौर, 22 मई ।
इंदौर में शासकीय स्वशासी अष्टांग आयुर्वेद महाविद्यालय की कार्यकारिणी समिति की बैठक संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें महाविद्यालय में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में आगामी शैक्षणिक सत्र से तीन विषयों में पीजी पाठ्यक्रम शुरू करने की तैयारियों पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि क्रिया शरीर, रचना शरीर और शालाक्य तंत्र विषयों में शुरू होने वाले नए पीजी पाठ्यक्रम के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण की जाएं। साथ ही विद्यार्थियों के लिए प्रस्तावित जी+3 नवीन छात्रावास भवन का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने यह भी कहा कि महाविद्यालय परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं को तत्काल दूर किया जाए तथा भोजन व्यवस्था के लिए नवीन पीएनजी पाइपलाइन कनेक्शन का कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए।
बैठक में एनसीआईएमएस से मान्यता प्रक्रिया के तहत स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए आवश्यक चिकित्सा उपकरणों, औषधियों और कच्ची सामग्री की समय पर खरीद सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई। साथ ही स्नातक विद्यार्थियों के लिए तीन माह का स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम शुरू करने के निर्देश भी दिए गए।
इस दौरान बताया गया कि महाविद्यालय की ओपीडी में प्रतिदिन लगभग 400 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं, जहां गर्भवती महिलाओं की प्रसूति सहित ओजोन थेरेपी और पंचकर्म जैसी विशेष सुविधाएं उपलब्ध हैं। यहां आयुर्वेदिक पद्धति से कैंसर मरीजों का उपचार भी किया जाता है, जबकि वर्तमान में लगभग 400 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं और प्रतिवर्ष करीब 75 नए विद्यार्थी प्रवेश लेते हैं।






.jpg)







