बहराइच, 22 मई ।
फखरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पण्डित पुरवा में मारपीट की घटना में घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में एक आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि घटना को लेकर गांव में तनाव का माहौल बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान चेतराम के रूप में हुई है। परिजनों का कहना है कि गांव के कुछ लोगों से हुए विवाद के बाद उसके साथ मारपीट की गई थी, जिसके चलते वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
फखरपुर थानाध्यक्ष संजीव चौहान ने बताया कि यह घटना 21 मई की देर रात की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक तख्त पर सोने का प्रयास कर रहा था, जहां पहले से कुछ लोग लेटे हुए थे। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और मारपीट की स्थिति बन गई।
पुलिस के अनुसार घायल अवस्था में चेतराम को अस्पताल भेजा गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और एक आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार चेतराम और हीरालाल के बीच तीन दिन पूर्व भी विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि घटना के दिन विवाद बढ़ने पर मारपीट हुई, जिसमें गंभीर चोटें लगने के कारण आंत फटने की बात भी सामने आई है।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।






.jpg)







