भोपाल, 18 मई।
छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में 19 मई को मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी हिस्सा लेंगे। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे।
इस बैठक में मध्यप्रदेश के साथ-साथ उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ सरकार इस महत्वपूर्ण बैठक की मेजबानी कर रही है। परिषद का उद्देश्य केंद्र और राज्यों के बीच तथा राज्यों के आपसी मुद्दों पर चर्चा कर उनका सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है।
बैठक में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के अलावा उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति रहेगी।
जानकारी के अनुसार यह बैठक 19 मई को सुबह 11 बजे से बस्तर में आयोजित होगी। इसमें सदस्य राज्यों के मुख्य सचिव, नीति आयोग के प्रतिनिधि, अंतर्राज्यीय परिषद के सदस्य और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी भाग लेंगे। पिछली बैठक पिछले वर्ष जून माह में वाराणसी में आयोजित की गई थी।






.jpg)







