जिनेवा, 18 मई।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने भारत के स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए सुधारों और वैश्विक स्वास्थ्य साझेदारियों में नेतृत्व की सराहना की है। यह टिप्पणी जिनेवा में आयोजित 79वीं विश्व स्वास्थ्य सभा के दौरान हुई बैठक में सामने आई, जहां केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने उनसे मुलाकात की।
बैठक के दौरान भारत और WHO के बीच साझा प्राथमिकताओं पर सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई गई, साथ ही वैश्विक स्वास्थ्य इक्विटी को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दोहराया गया।
केंद्रीय मंत्री ने आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, पारंपरिक चिकित्सा प्रणाली, एआई आधारित सार्वजनिक स्वास्थ्य नवाचार और टीबी उन्मूलन जैसे प्रमुख अभियानों का उल्लेख करते हुए भारत की स्वास्थ्य नीतियों की प्रगति पर प्रकाश डाला।
इसके साथ ही उन्होंने वैश्विक स्तर पर “फार्मेसी ऑफ द वर्ल्ड” के रूप में भारत की भूमिका को भी रेखांकित किया और कहा कि भारत वैश्विक स्वास्थ्य व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
डॉ. टेड्रोस ने भारत की स्वास्थ्य प्रणाली में हो रहे सुधारों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग में उसकी सक्रिय भूमिका को सकारात्मक रूप से स्वीकार किया।
केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा स्विट्जरलैंड में आयोजित 79वीं विश्व स्वास्थ्य सभा में भाग लेने के लिए पहुंचे हैं, जो आगामी शनिवार तक चलेगी।






.jpg)







