नई दिल्ली, 20 मई ।
केंद्र सरकार ने भारत टेक्स 2026 प्रदर्शनी को अधिक आधुनिक, डिजिटल और उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से इसका आधिकारिक मोबाइल ऐप लॉन्च कर दिया है। इस ऐप में एआई आधारित स्मार्ट असिस्टेंट, डिजिटल पहचान-पत्र, नेटवर्किंग सुविधा और रीयल-टाइम अपडेट जैसी कई उन्नत सुविधाएं शामिल की गई हैं।
केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय की सचिव नीलम शमी राव ने बुधवार को इस ऐप का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह प्रतिभागियों को प्रदर्शनी से जुड़ी हर जानकारी सरल और त्वरित तरीके से उपलब्ध कराएगा। इसके माध्यम से प्रदर्शकों की खोज, बैठक तय करने, स्थल पर मार्गदर्शन, ज्ञान सत्रों तक पहुंच और लाइव अपडेट जैसी सुविधाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेंगी।
ऐप की प्रमुख विशेषताओं में 24×7 कार्यरत एआई स्मार्ट असिस्टेंट शामिल है, जो उपयोगकर्ताओं के प्रश्नों का सरल भाषा में उत्तर देकर कार्यक्रम, समय-सारणी और स्थल से जुड़ी जानकारी प्रदान करेगा। इसके अलावा नेटवर्किंग मॉड्यूल के जरिए प्रदर्शक और खरीदार आपस में आसानी से जुड़ सकेंगे।
डिजिटल पहचान-पत्र को स्कैन कर क्यूआर आधारित संपर्क संग्रह की सुविधा भी दी गई है, जिससे प्रतिभागी आसानी से संपर्क विवरण सुरक्षित रख सकेंगे। वहीं प्रदर्शनी स्थल पर आसान नेविगेशन के लिए मैप और दिशा-निर्देश की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
भारत टेक्स 2026 का आयोजन 14 से 17 जुलाई 2026 तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में प्रस्तावित है, जिसमें 7,000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और 1,30,000 से अधिक व्यापारिक आगंतुकों के शामिल होने की संभावना है। इस आयोजन में फाइबर से लेकर यार्न, कपड़ा, परिधान, हस्तकरघा, तकनीकी वस्त्र और स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग तक पूरी वस्त्र मूल्य श्रृंखला को प्रदर्शित किया जाएगा।
यह आयोजन भारत टेक्स व्यापार संगठन द्वारा 11 वस्त्र निर्यात संवर्धन परिषदों और उद्योग संगठनों के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है और यह प्रधानमंत्री के 5एफ विजन पर आधारित है, जिसका उद्देश्य भारत को वैश्विक स्तर पर एक विश्वसनीय और नवाचार-आधारित वस्त्र केंद्र के रूप में स्थापित करना है।












