सरकार व नीतियाँ
23 May, 2026

भारत-चीन सीमा के पोलिंग बूथों पर पहुंचे मुख्य निर्वाचन आयुक्त, तैयारियों का लिया जायजा

उत्तरकाशी में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने भारत-चीन सीमा से सटे पोलिंग बूथों का निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की।

उत्तरकाशी, 23 मई ।

भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दौरान शनिवार को उत्तरकाशी पहुंचकर भारत-चीन सीमा से जुड़े सीमांत पोलिंग बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया की तैयारियों का जायजा लेते हुए बूथ लेवल अधिकारियों की भूमिका को लोकतंत्र की मजबूती के लिए अहम बताया।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त हर्षिल पहुंचे, जहां उन्होंने सीमावर्ती पोलिंग बूथ का स्थलीय निरीक्षण किया और बूथ लेवल अधिकारी मिंटो देवी से विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान मतदाता सूची के शुद्धिकरण, पात्र मतदाताओं के पंजीकरण और डिजिटल निगरानी व्यवस्था पर चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि बीएलओ एप के माध्यम से अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत, डुप्लीकेट और विदेशी मतदाताओं की पहचान कर मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाया जा रहा है।

ज्ञानेश कुमार ने सीमांत क्षेत्र में कार्यरत बीएलओ मिंटो देवी की विशेष सराहना करते हुए कहा कि दुर्गम क्षेत्र में समर्पण के साथ किया जा रहा कार्य प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से जुड़े सभी बीएलओ लोकतांत्रिक प्रक्रिया के वास्तविक प्रहरी हैं और चुनाव आयोग उनके योगदान को महत्व देता है।

दौरे के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त गंगोत्री धाम भी पहुंचे, जहां उन्होंने परिवार के साथ मां गंगा के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने गंगोत्री स्थित विशेष पोलिंग बूथ का निरीक्षण किया, जहां बड़ी संख्या में मतदाता साधु-संत और संन्यासी समुदाय से जुड़े हैं।

साधु-संतों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि दुर्गम हिमालयी क्षेत्र में स्थित ऐसा मतदान केंद्र, जहां अधिकांश मतदाता तप और साधना से जुड़े हों, भारतीय लोकतंत्र की व्यापकता और विविधता का अनूठा उदाहरण है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद चुनावी प्रक्रिया में भागीदारी के लिए उन्होंने संत समाज की सराहना की।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा भी की। बैठक में सीमांत क्षेत्रों में मतदाता सूची अद्यतन, बूथ मैपिंग और चुनावी व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़