सरकार व नीतियाँ
23 May, 2026

भारत-चीन सीमा व्यापार को लेकर तैयारियां तेज, एक जून से संचालन की तैयारी

पिथौरागढ़ में भारत-चीन सीमा व्यापार को फिर से शुरू करने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और व्यापारिक सुविधाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।

पिथौरागढ़, 23 मई ।

भारत-चीन अंतरराष्ट्रीय सीमा व्यापार को फिर से गति देने के लिए उत्तराखंड प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एक जून 2026 से प्रस्तावित सीमा व्यापार संचालन को लेकर शनिवार को पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, आधारभूत ढांचा और व्यापारिक सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में हुई बैठक में गुंजी से लेकर धारचूला तक मोटर मार्गों और पैदल रास्तों की स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही अस्थायी ट्रेड कार्यालय, संचार नेटवर्क, परिवहन व्यवस्था और व्यापारियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं का भी आकलन किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सीमा व्यापार शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं तय समयसीमा में पूरी कर ली जाएं, ताकि व्यापारियों और यात्रियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में गुंजी स्थित भारतीय स्टेट बैंक में बैंकिंग सेवाओं को मजबूत करने, कस्टम चौकी स्थापित करने, आवश्यक कर्मचारियों की तैनाती और व्यापारियों के लिए शौचालय व आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही पुलिस और भारत तिब्बत सीमा पुलिस के सहयोग से सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की रणनीति पर भी विचार किया गया।

अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि शासन स्तर पर धारचूला और गुंजी में अस्थायी व्यापार और कस्टम कार्यालय स्थापित करने की प्रक्रिया जारी है। बॉर्डर ट्रेड पास जारी करने के लिए विदेश मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। वहीं बजट आवंटन के लिए शासन को मांग भी भेजी गई है। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी धारचूला को व्यापारियों से आवेदन लेने की प्रक्रिया तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि भारत-चीन सीमा व्यापार केवल पारंपरिक व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि सीमांत क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था, स्थानीय रोजगार और सामरिक दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य कर सुरक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष सिंह नबियाल, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. योगेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़