दतिया, 22 मई ।
भीषण गर्मी के बीच दतिया शहर में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने बड़े बकायादार उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। इस विशेष कार्रवाई के दौरान शहरभर में सौ से अधिक उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए।
अभियान के तहत गठित पांच विशेष टीमें शुक्रवार सुबह से ही अधिकारियों के निर्देशन में अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय रहीं। इन टीमों ने दिनारा रोड, एकता नगर, गांधी रोड, पंचशील कॉलोनी और बुंदेल कॉलोनी सहित कई इलाकों में पहुंचकर बकाया राशि जमा न करने वाले उपभोक्ताओं पर कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान विभाग के महाप्रबंधक कौशिक स्वयं मौके पर पहुंचे और डिस्कनेक्शन टीमों के कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने उपभोक्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि अत्यधिक गर्मी के इस दौर में सुचारु बिजली व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजस्व वसूली आवश्यक है।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे शीघ्र अपने बकाया बिलों का भुगतान करें, अन्यथा विद्युत विच्छेदन के साथ-साथ विद्युत अधिनियम की धारा 138 के तहत कुर्की, बैंक खातों को सीज करने जैसी कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
निरीक्षण के दौरान अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। उच्च कार्यालय के निर्देशों के अनुसार औद्योगिक श्रेणी के बड़े बकायादारों के कनेक्शन तत्काल प्रभाव से काटने के आदेश पहले ही जारी किए जा चुके हैं।
विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में यह अभियान और अधिक सख्ती के साथ चलाया जाएगा तथा उपभोक्ताओं से समय पर बिल भुगतान कर कार्रवाई से बचने और बिजली व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई है।






.jpg)







