मौसम
21 May, 2026

भीषण गर्मी से झुलसा मध्य प्रदेश, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का असर तेज हो गया है, मौसम विभाग ने कई जिलों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी करते हुए 23 मई तक राहत की संभावना से इंकार किया है।

भोपाल , 21 मई।

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो गया है और कई शहरों में तापमान आग उगलता हुआ नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए पूरे प्रदेश में हीट वेव की चेतावनी जारी की है, वहीं सात जिलों में तीव्र लू को लेकर रेड अलर्ट घोषित किया गया है।

बुधवार को प्रदेश के 16 शहरों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जिनमें खजुराहो, नौगांव, निवाड़ी, दतिया और राजगढ़ जैसे जिले सबसे अधिक गर्म पाए गए। खजुराहो में तापमान ने 33 वर्ष पुराना रिकॉर्ड तोड़ते हुए 47.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो मई माह में अब तक का सर्वाधिक तापमान है। इसी के साथ खजुराहो देश का दूसरा और विश्व का चौथा सबसे गर्म शहर बन गया, जबकि इससे पूर्व 29 अप्रैल 1993 को यहां 46.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।

गुरुवार को भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना जिलों में तीव्र लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है, जहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक पहुंचने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही भोपाल, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, सागर, रायसेन, दमोह, कटनी, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, रतलाम और झाबुआ सहित कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

वहीं इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, नीमच, मंदसौर, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, देवास, हरदा, खंडवा, खरगोन, धार, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, बालाघाट और शहडोल सहित अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में यह भीषण गर्मी का दौर 23 मई तक जारी रहेगा और फिलहाल राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है, जबकि इसके बाद नौतपा की शुरुआत होगी, जिसके दौरान भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर सहित पूरे प्रदेश में और अधिक तीव्र गर्मी पड़ने की आशंका जताई गई है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़