मध्य प्रदेश
19 May, 2026

भोजशाला में उत्सव के बीच वाग्देवी प्रतिमा वापसी की उठी मांग

धार की भोजशाला में धार्मिक आयोजन और सत्याग्रह के बीच श्रद्धालुओं ने मां वाग्देवी की प्रतिमा भारत लाने सहित कई नई मांगें उठाईं।

धार, 19 मई ।

हाईकोर्ट के हालिया फैसले के बाद भोजशाला परिसर में मंगलवार को श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। प्रति मंगलवार आयोजित होने वाले सत्याग्रह में इस बार बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। परिसर में मां वाग्देवी के चित्र के समक्ष नवग्रह पूजन किया गया और अखंड ज्योत स्थापित की गई। श्रद्धालुओं ने उत्सव के रूप में आतिशबाजी कर खुशी भी व्यक्त की।

सत्याग्रह के दौरान अतुलानंद सरस्वती ने इसे लंबे संघर्ष और जनआंदोलन की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि हिन्दू समाज वर्षों से भोजशाला को मां सरस्वती का प्राचीन मंदिर मानते हुए यहां पूजा-अर्चना के अधिकार की मांग करता रहा है। उनके अनुसार यह सनातन परंपरा और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी बड़ी उपलब्धि है।

इस दौरान हिन्दू पक्ष की ओर से न्यायालय में पैरवी कर रहे अधिवक्ता मनीष गुप्ता ने कहा कि वर्षों से जारी सत्याग्रह अभी समाप्त नहीं हुआ है और कुछ प्रमुख मांगों को लेकर आगे भी प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने केंद्र सरकार को भेजे गए मांगपत्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि कई मुद्दों पर कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।

इन मांगों में लंदन में रखी मां वाग्देवी की प्रतिमा को भारत वापस लाने की प्रक्रिया तेज करने, भोजशाला परिसर में मौजूद इस्लामिक लेखों को हटाने और परिसर में संभावित प्राचीन अवशेषों व मूर्तियों की भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण से खुदाई कराने की मांग शामिल है।

भोजशाला को लेकर लंबे समय से विवाद और न्यायालयीन प्रक्रिया जारी रही है। हालिया फैसले के बाद धार्मिक गतिविधियों और परिसर की व्यवस्थाओं को लेकर नई चर्चाएं तेज हो गई हैं। आयोजन के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था भी बनाए रखी गई।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़