नागरिक समस्याएँ
20 May, 2026

भोपाल के स्विमिंग पूल में बच्चों की तबीयत बिगड़ी, क्लोरीन रिसाव की आशंका से मचा हड़कंप

भोपाल के प्रकाश तरण पुष्कर में स्विमिंग के दौरान क्लोरीन गैस रिसाव की आशंका के बीच कई बच्चों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद निगरानी में रखा गया है।

भोपाल, 20 मई ।

राजधानी भोपाल के लिंक रोड नंबर-1 स्थित प्रकाश तरण पुष्कर में बुधवार शाम स्विमिंग के दौरान कई बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। सांस लेने में परेशानी और लगातार खांसी की शिकायत के बाद परिजन बच्चों को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्चों की स्थिति को फिलहाल सामान्य बताया है, लेकिन सावधानी के तौर पर स्वास्थ्य पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

जानकारी के मुताबिक, घटना शाम करीब पांच बजे की है। उस समय स्विमिंग पूल में लगभग 20 से 25 बच्चे मौजूद थे। इसी दौरान अचानक कुछ बच्चों को खांसी आने लगी और सांस लेने में दिक्कत महसूस हुई। बताया गया कि करीब चार बच्चे प्रभावित हुए, जिनमें दो बच्चों की हालत ज्यादा खराब होने पर उन्हें तुरंत जेपी अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना से घबराए परिजनों में चिंता का माहौल बन गया। परिजन सचिन जैन ने बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी आध्या जैन भी स्विमिंग करने पहुंची थी। अचानक पूल में मौजूद बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी और उनकी बेटी को लगातार तेज खांसी आने लगी। कुछ समय के लिए उसकी स्थिति बेहद खराब हो गई थी और वह अचेत जैसी अवस्था में पहुंच गई थी। मौके पर मौजूद महिलाओं की मदद से बच्ची को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद खतरे से बाहर बताया।

डॉक्टरों ने प्रभावित बच्चों को अगले 24 घंटे तक स्वास्थ्य की निगरानी में रखने की सलाह दी है, ताकि किसी प्रकार की जटिलता सामने आने पर समय रहते उपचार किया जा सके।

घटना को लेकर स्विमिंग पूल प्रबंधन की ओर से क्लोरीन गैस रिसाव की आशंका जताई गई है। प्रकाश तरण पुष्कर के मैनेजर हेमंत जारिया के अनुसार, पाइपलाइन में आई तकनीकी खराबी के चलते क्लोरीन गैस का रिसाव हुआ। हवा के दबाव के कारण गैस आसपास फैल गई, जिससे बच्चों को खांसी और सांस लेने में परेशानी होने लगी।

उन्होंने बताया कि जैसे ही स्थिति की जानकारी मिली, तत्काल सभी बच्चों को स्विमिंग पूल से बाहर निकालकर जरूरी चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। साथ ही रिसाव से जुड़ी टंकी को भी तुरंत बदल दिया गया। घटना के बाद परिजन बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त कर रहे हैं।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़