भोपाल, 20 मई ।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण के आह्वान के बीच मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बुधवार को एक अलग दृश्य देखने को मिला, जब दो राज्य मंत्रियों ने ई-रिक्शा से मंत्रालय पहुंचकर कैबिनेट बैठक में भाग लिया।
कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री गौतम टेटवाल और मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास मंत्री नारायण सिंह पंवार चार इमली से करीब ढाई किलोमीटर का सफर एक ही ई-रिक्शा में तय कर मंत्रालय पहुंचे। उनके साथ उनके स्टाफ के सदस्य अलग-अलग वाहनों से बाद में पहुंचे।
इस दौरान मंत्रियों ने ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान को व्यवहार में उतारना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि संसाधनों का संयमित उपयोग समय की आवश्यकता है और इससे समाज को सकारात्मक दिशा मिलती है।
मंत्रियों ने यह भी कहा कि पेट्रोल और डीजल की खपत को कम करने के साथ-साथ स्वच्छ और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए ऊर्जा बचत को जन आंदोलन का रूप देना चाहिए।
उन्होंने लोगों से अपील की कि छोटे-छोटे प्रयासों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत को जीवनशैली का हिस्सा बनाया जाए, जिससे आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित किया जा सके।




.jpg)

.jpg)







