भोपाल, 18 मई।
भोपाल में शादी का झांसा देकर एक युवक से ढाई लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का नजीराबाद पुलिस ने खुलासा करते हुए एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, साथ ही पुलिस ने ठगी में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 मई 2026 को ग्राम आमल्या निवासी रामचंदर मीना ने थाना नजीराबाद में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके भाई सरवन मीना की शादी के लिए आरोपियों ने संपर्क कर विवाह कराने का प्रस्ताव दिया और रकम की मांग की।
आरोपियों में शामिल रूप सिंह रैकवार ने स्वयं को महिला का रिश्तेदार बताकर विवाह कराने के नाम पर ढाई लाख रुपये ले लिए और 30 अप्रैल 2026 को एक महिला को लेकर गांव पहुंचा, जहां मंदिर में विवाह संपन्न कराया गया।
इसके बाद महिला लगभग दस दिन तक पति के साथ रही, लेकिन 10 मई की रात अचानक घर छोड़कर चली गई और बाद में आरोपियों ने उसे साथ रखने से भी इनकार कर दिया, जिसके बाद पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।






.jpg)







