भोपाल, 22 मई ।
भोपाल के भेल दशहरा मैदान में 23 मई 2026 को बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘PEDDI’ के ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसे लेकर नगरीय यातायात पुलिस ने विशेष यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था लागू कर दी है। कार्यक्रम में संगीत निर्देशक ए.आर. रहमान और अभिनेत्री जान्हवी कपूर सहित कई फिल्मी और सांस्कृतिक हस्तियों की उपस्थिति रहेगी, जिसके चलते बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है और शाम 5 बजे से ट्रैफिक डायवर्जन प्रभावी रहेगा।
यातायात पुलिस के अनुसार कार्यक्रम के दौरान दशहरा मैदान एवं आसपास के मार्गों पर भीड़ और दबाव को देखते हुए सामान्य यातायात को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा, ताकि शहर में आवागमन बाधित न हो और व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
महात्मा गांधी चौराहे से कैरियर कॉलेज की ओर जाने वाला यातायात गेट नंबर-6 से गुलाब उद्यान तिराहा होते हुए कस्तूरबा अस्पताल के मार्ग से आईएसबीटी एवं चेतक ब्रिज की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसी तरह चेतक ब्रिज–गोविंदपुरा टर्निंग मार्ग से महात्मा गांधी चौराहे की ओर आने वाला यातायात सांची डेयरी कट पॉइंट से कस्तूरबा अस्पताल के आगे गुलाब उद्यान रोड होकर गेट नंबर-6 और बरखेड़ा मार्केट के रास्ते संचालित रहेगा।
आईटीआई तिराहा से कैरियर कॉलेज तिराहा होकर चेतक ब्रिज एवं आईएसबीटी की ओर जाने वाला यातायात सिक्योरिटी लाइन चौराहा और सांवतिका पेट्रोल पंप तिराहा के माध्यम से डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा बसों एवं अन्य व्यावसायिक वाहनों के लिए पटेल नगर से 11 मील होकर बागसेवनिया मार्ग से आईएसबीटी तक पहुंचने की व्यवस्था की गई है।
दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग व्यवस्था भी निर्धारित की गई है। पिलपानी, महात्मा गांधी, सद्भावना एवं आईटीआई क्षेत्र से आने वाले वाहनों की पार्किंग हेमा स्कूल के पास मैदान में की जाएगी, जबकि होशंगाबाद रोड, डीबी मॉल, चेतक ब्रिज और अन्ना नगर क्षेत्र से आने वाले वाहनों की पार्किंग कैरियर कॉलेज के पीछे मैदान में निर्धारित की गई है। आवश्यकता पड़ने पर आसपास के अन्य खुले स्थानों को भी पार्किंग के रूप में उपयोग किया जाएगा।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।






.jpg)





