नई दिल्ली, 22 मई ।
वैश्विक कुश्ती संचालन संस्था यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग ने वर्ष 2026 में बहरीन में प्रस्तावित विश्व कुश्ती चैंपियनशिप को स्थगित करने का फैसला लिया है। यह प्रतियोगिता 24 अक्टूबर से एक नवंबर 2026 के बीच बहरीन में आयोजित होनी थी, लेकिन क्षेत्र में जारी भूराजनैतिक हालात को देखते हुए आयोजन फिलहाल टाल दिया गया है।
यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि यह निर्णय बहरीन ओलंपिक समिति और बहरीन कुश्ती महासंघ के साथ समन्वय कर लिया गया है। संस्था के अनुसार, खाड़ी क्षेत्र में जारी संघर्ष और उससे उत्पन्न अनिश्चितता का असर क्षेत्रीय स्थिरता तथा अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर पड़ रहा है, जिसे ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया।
संस्था ने कहा कि बहरीन अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, लेकिन खिलाड़ियों, अधिकारियों, प्रतिनिधिमंडलों, साझेदारों और दर्शकों की सुरक्षा, विश्वास और बेहतर अनुभव सर्वोच्च प्राथमिकता है।
यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग के अनुसार अंतिम समय तक इंतजार करने के बजाय यह फैसला समय रहते और पारदर्शिता के साथ लिया गया है, ताकि नए मेजबान देश की पहचान करने और आयोजन की तैयारियों के लिए पर्याप्त समय मिल सके। संस्था ने कहा कि इससे वर्ष 2026 के आयोजन के लिए वैकल्पिक मेजबान का चयन व्यवस्थित और पेशेवर तरीके से किया जा सकेगा।
बयान में यह भी कहा गया कि खेल हमेशा शांति, सम्मान और एकता का माध्यम रहा है। कुश्ती केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि देशों, संस्कृतियों और लोगों के बीच जुड़ाव का पुल है। ऐसे समय में जब दुनिया अनिश्चितता और विभाजन का सामना कर रही है, खेल वैश्विक एकता का संदेश देता है।
संस्था ने खिलाड़ियों, राष्ट्रीय महासंघों, प्रशिक्षकों, अधिकारियों और समर्थकों का समझदारी, सहयोग और निरंतर समर्थन के लिए आभार भी व्यक्त किया है। साथ ही कहा गया है कि प्रतियोगिता की नई तारीखों और मेजबानी से जुड़ी जानकारी उचित समय पर साझा की जाएगी।






.jpg)







