हमीरपुर, 22 मई ।
मुस्करा थाना क्षेत्र में बाइक सवार तीन युवकों पर अज्ञात हमलावर द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। विरोध करने पर हमलावर ने तमंचे से गोली चला दी, जिससे एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का उपचार मुस्करा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
घटना बंडवा-भैंसाय मार्ग की बताई जा रही है, जहां भैंसाय गांव निवासी सत्येंद्र, संतराम और एक अन्य पारिवारिक सदस्य बाइक से मुस्करा से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक अज्ञात व्यक्ति ने उनकी बाइक पर लाठी से हमला कर दिया।
हमले के बाद बाइक रुकने पर सत्येंद्र ने विरोध किया, जिस पर हमलावर ने तमंचे से गोली चला दी। गोली सत्येंद्र के गले के दाहिने हिस्से में लगी और वह मौके पर ही गिर पड़े। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद बाइक चला रहे संतराम ने परिजनों को सूचना दी और एंबुलेंस की मदद से घायल सत्येंद्र को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ कर हमलावर की पहचान की जा रही है।
सीओ सर्किल राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि घायल की हालत फिलहाल स्थिर है। पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।






.jpg)







