गुवाहाटी, 19 मई ।
ब्रह्मपुत्र बोर्ड की 14वीं उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक मंगलवार को गुवाहाटी में आयोजित की गई, जिसमें पूर्वोत्तर क्षेत्र के जल संसाधनों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा की गई। बैठक में केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री तथा केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री उपस्थित रहे और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में पूर्वोत्तर के सभी राज्यों के मंत्रीगण और वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लेकर क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए। इस दौरान ब्रह्मपुत्र और बराक बेसिन के सतत विकास, बाढ़ एवं कटाव नियंत्रण तथा जल संसाधन प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
चर्चा के दौरान डिजिटल परिवर्तन की दिशा में कदम बढ़ाने और आधुनिक तकनीक के माध्यम से जल प्रबंधन प्रणाली को मजबूत करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। साथ ही क्षेत्र की पारंपरिक जल संरक्षण प्रणालियों को सामने रखते हुए सामुदायिक भागीदारी आधारित मॉडल को बढ़ावा देने पर सहमति व्यक्त की गई।
बैठक में यह भी दोहराया गया कि पूर्वोत्तर क्षेत्र के जल संसाधनों के समग्र और सतत विकास के लिए केंद्र और राज्य मिलकर निरंतर कार्य कर रहे हैं तथा प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में इस दिशा में आगे बढ़ा जा रहा है।












