लखीमपुर, 23 मई ।
थाना खमरिया क्षेत्र के राजापुर गांव में शुक्रवार आधी रात चोरी की कोशिश उस समय खूनी संघर्ष में बदल गई, जब घर में घुसे बदमाशों का सामना परिवार और ग्रामीणों से हो गया। महिलाओं की सतर्कता और साहस से चोरी की वारदात विफल हो गई, लेकिन बाद में बदमाशों और ग्रामीणों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर की मौत हो गई। चाकू से किए गए हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात कर फरार आरोपितों की तलाश तेज कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, राजापुर गांव निवासी सुशील के घर शुक्रवार देर रात करीब दो बजे तीन से चार बदमाश दीवार फांदकर भीतर दाखिल हुए। घर में रखे बक्सों और अलमारियों के ताले तोड़कर सामान खंगाला जा रहा था। इसी बीच खटपट की आवाज सुनकर घर की महिलाओं सुशीला और सुंदरा की नींद खुल गई। बाहर निकलने पर उन्होंने देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा है और एक बदमाश अंदर मौजूद है, जबकि अन्य बाहर निगरानी कर रहे हैं।
स्थिति को समझते हुए दोनों महिलाओं ने शोर मचाना शुरू किया और बदमाशों का विरोध किया। आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य भी जाग गए। कुछ ही देर में अंकित और सतीश मौके पर पहुंचे और बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान धक्का-मुक्की शुरू हो गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों की भीड़ बढ़ने पर बदमाशों ने बचने के लिए चाकुओं से हमला कर दिया। इस हमले में अंकित (18) और सतीश (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के गर्दन और शरीर पर गहरे घाव आए। गंभीर हालत में दोनों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
इधर भाग रहे एक बदमाश को ग्रामीणों ने गांव के पास केले के खेत में पकड़ लिया। घायल युवकों की हालत देखकर ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ गया और पकड़े गए बदमाश की जमकर पिटाई कर दी। पिटाई से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाद में मृतक की पहचान मंदूरा निवासी मुन्नीलाल के रूप में हुई। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निर्मल तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मृतक मुन्नीलाल क्षेत्र का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ खमरिया, ईसानगर समेत विभिन्न थानों में डकैती, लूट, चोरी, मारपीट और गैंगस्टर एक्ट सहित करीब 35 मामले दर्ज थे। पुलिस का कहना है कि उसके दो साथी सोनेलाल और सागर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
शनिवार सुबह घटना की जानकारी फैलते ही इलाके में सनसनी का माहौल बन गया। ग्रामीणों का कहना है कि मुन्नीलाल लंबे समय से गिरोह बनाकर क्षेत्र में चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देता था। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और फरार बदमाशों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।






.jpg)







