मध्य प्रदेश
23 May, 2026

दक्षिण पन्ना वनमंडल को जैव-विविधता पुरस्कार, संरक्षण कार्यों से बढ़ा गौरव

राज्य स्तरीय जैव-विविधता पुरस्कारों में दक्षिण पन्ना वनमंडल को जैव-विविधता संरक्षण, गिद्ध संरक्षण, सर्पदंश जागरूकता एवं जनभागीदारी आधारित नवाचारों के लिए सर्वश्रेष्ठ विभाग का सम्मान मिला, साथ ही व्यक्तिगत श्रेणी में वनरक्षकों को भी पुरस्कृत किया गया।

भोपाल, 23 मई ।

अंतरराष्ट्रीय जैव-विविधता दिवस के अवसर पर भोपाल स्थित भारतीय वन प्रबंधन संस्थान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मध्यप्रदेश राज्य जैव-विविधता बोर्ड द्वारा घोषित “राज्य स्तरीय वार्षिक जैव-विविधता पुरस्कार 2024 एवं 2025” के अंतर्गत दक्षिण पन्ना वनमंडल को “जैव-विविधता स्वामित्व रखने वाला सर्वश्रेष्ठ विभाग” श्रेणी में सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि ने प्रदेश में जैव-विविधता संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को नई पहचान दी है।

दक्षिण पन्ना वनमंडल ने जैव-विविधता संरक्षण और संवर्धन के क्षेत्र में अनेक नवाचार आधारित एवं जनभागीदारी से जुड़े कार्य किए हैं। वनमंडल द्वारा पक्षियों, तितलियों, औषधीय पौधों, विरासत वृक्षों, प्राकृतिक झरनों एवं स्थानीय जैविक धरोहरों का व्यापक स्तर पर अभिलेखीकरण एवं दस्तावेजीकरण किया गया। इसके साथ ही स्थानीय समुदाय को जोड़ते हुए जैव-विविधता संरक्षण के प्रति जागरूकता अभियान भी चलाए गए।

गिद्ध संरक्षण के क्षेत्र में दक्षिण पन्ना वनमंडल ने विशेष पहल करते हुए “वल्चर फ्रेंडली गौशाला”, सतत निगरानी व्यवस्था, प्रतिबंधित दवाओं के उपयोग पर नियंत्रण तथा ग्रामीण सहभागिता आधारित संरक्षण मॉडल विकसित किया। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप क्षेत्र में गिद्धों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई, जो वर्ष 2021 में 614 थी, वह वर्ष 2025-26 में बढ़कर 1127 हो गई।

मानव और सर्प संघर्ष को कम करने तथा सर्पदंश से बचाव के लिए वनमंडल द्वारा “सांप-सीढ़ी” आधारित शैक्षणिक खेल विकसित किया गया। इस नवाचार के माध्यम से बच्चों एवं ग्रामीणों को सर्पदंश से बचाव, प्राथमिक उपचार और वैज्ञानिक जानकारी सरल रूप में उपलब्ध कराई गई, जिससे जनजागरूकता में वृद्धि हुई और भ्रांतियों में कमी आई।

व्यक्तिगत श्रेणी में दक्षिण पन्ना वनमंडल के वनरक्षक श्री जगदीश प्रसाद अहिरवार को प्रथम पुरस्कार तथा वनरक्षक श्री वीरेंद्र पटेल को द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया। श्री अहिरवार ने 129 औषधीय पौधों का अभिलेखीकरण किया, जबकि श्री पटेल ने कल्दा क्षेत्र में 97 पक्षी प्रजातियों का दस्तावेजीकरण कर जैव-विविधता संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान दिया।

इसी समारोह में डिंडोरी वनमंडल को भी जैव-विविधता संरक्षण से जुड़े उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया, जिसमें उसे वर्ष 2023-24 में प्रथम स्थान तथा वर्ष 2024-25 में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम में विभिन्न राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति रही तथा दक्षिण पन्ना वनमंडल की ओर से वनमंडलाधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों ने पुरस्कार प्राप्त किया। यह उपलब्धि पन्ना जिले के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है और जैव-विविधता संरक्षण को जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने की दिशा में प्रेरणादायक सिद्ध होगी। 

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़