नई दिल्ली, 20 मई ।
दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है और मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर होने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार इस सप्ताह तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिसके चलते राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 20 से 26 मई तक दिल्ली और एनसीआर के अधिकांश हिस्सों में भीषण लू की संभावना जताई है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि दिन के समय 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से गर्म हवाएं चलेंगी, जो कभी-कभी झोंकों के साथ 35 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती हैं।
बीते 24 घंटों के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली के कई क्षेत्रों में तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। रिज क्षेत्र में सर्वाधिक 46.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से लगभग 5 डिग्री अधिक है। वहीं सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
सुबह के समय विभिन्न केंद्रों पर भी अत्यधिक गर्मी दर्ज की गई, जिसमें पालम, लोधी रोड, रिज और आयानगर क्षेत्रों में तापमान सामान्य से काफी अधिक पाया गया। बीते दिनों में लगातार बढ़ते तापमान ने राजधानी में गर्मी के पुराने रिकॉर्ड की ओर संकेत किया है।
मौसम विभाग के अनुसार इस वर्ष वर्षा में भी भारी कमी दर्ज की गई है। 20 मई तक कुल वर्षा सामान्य औसत से काफी कम रही है, जिससे गर्मी और अधिक तीव्र महसूस की जा रही है। हवा में नमी का स्तर भी सीमित बना हुआ है, जिसके कारण लू का प्रभाव और बढ़ गया है।
आने वाले दिनों के पूर्वानुमान में 21 और 22 मई को तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। इस दौरान तेज और गर्म हवाएं चलेंगी, जबकि 23 मई को तापमान में मामूली गिरावट के बावजूद लू की स्थिति बनी रह सकती है। 24 से 26 मई के बीच भी मौसम में बड़ी राहत की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग ने स्वास्थ्य को लेकर चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि लू की स्थिति मध्यम स्तर का जोखिम पैदा कर सकती है। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है। विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, हल्के सूती कपड़े पहनने और सिर को ढककर रखने की सलाह दी है।




.jpg)







