सरकार व नीतियाँ
23 May, 2026

दिल्ली जिमखाना क्लब को खाली करने का आदेश, 5 जून तक सौंपना होगा कब्जा

केंद्र सरकार ने रक्षा ढांचे और सार्वजनिक सुरक्षा की जरूरतों का हवाला देते हुए दिल्ली जिमखाना क्लब को 5 जून तक खाली करने का आदेश जारी किया है।

नई दिल्ली, 23 मई ।

केंद्र सरकार ने राजधानी के प्रतिष्ठित दिल्ली जिमखाना क्लब को 5 जून तक खाली करने का निर्देश जारी किया है। सरकार का कहना है कि लुटियंस जोन में स्थित 27.3 एकड़ भूमि रक्षा ढांचे को सुदृढ़ करने और सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े अहम कार्यों के लिए आवश्यक है। इसी कारण क्लब की लीज समाप्त कर परिसर को वापस लेने का निर्णय किया गया है।

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के अधीन भूमि एवं विकास कार्यालय ने 22 मई को क्लब सचिव को पत्र जारी कर आदेश की जानकारी दी। पत्र में कहा गया कि 2, सफदरजंग रोड स्थित परिसर रणनीतिक और अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र में आता है। ऐसे में सरकार ने लीज समाप्त करते हुए जमीन पर पुनः कब्जा लेने का फैसला किया है।

आदेश के अनुसार, लीज डीड की धारा 4 में यह प्रावधान है कि सार्वजनिक उद्देश्य के लिए आवश्यकता पड़ने पर सरकार परिसर का पुनः अधिग्रहण कर सकती है। इसी आधार पर राष्ट्रपति के आदेश से लीज समाप्त कर दी गई है। अब 27.3 एकड़ भूमि पर स्थित भवन, संरचनाएं, लॉन और अन्य सुविधाएं भूमि एवं विकास कार्यालय के अधीन आ जाएंगी।

मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि 5 जून को भूमि एवं विकास कार्यालय परिसर का औपचारिक कब्जा लेगा और तकनीकी शाखा इसकी सुरक्षा सुनिश्चित करेगी। क्लब प्रबंधन को शांतिपूर्ण तरीके से सरकारी प्रतिनिधियों को परिसर सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में यह भी कहा गया कि यदि नियमों का पालन नहीं किया गया तो कानूनी प्रक्रिया अपनाकर कब्जा लिया जाएगा।

इस संबंध में मंत्रालय ने संबंधित अधिकारियों, कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय और पुलिस प्रशासन को भी पत्र की प्रतियां भेजी हैं, ताकि कब्जा प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। पुलिस को आवश्यक बल तैनात कर कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

गौरतलब है कि दिल्ली जिमखाना क्लब देश के पुराने और प्रतिष्ठित सामाजिक व खेल क्लबों में शामिल रहा है। ब्रिटिश काल में स्थापित इस क्लब की जमीन सरकार की ओर से लीज पर दी गई थी। लंबे समय से क्लब प्रबंधन और लीज शर्तों को लेकर विवाद चल रहा था। अब सरकार ने सार्वजनिक हित और रक्षा जरूरतों का हवाला देते हुए लीज समाप्त करने का फैसला लिया है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़