जोधपुर, 23 मई ।
शहर के केरू क्षेत्र स्थित रामदेव कॉलोनी में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। घर में रहने वाला दंपत्ति दोपहर करीब एक बजे से चार बजे के बीच किसी काम से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने मकान का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और घर में रखा संदूक उठाकर पास के खाली प्लॉट में फेंक दिया। वारदात का खुलासा उस समय हुआ, जब परिवार वापस घर पहुंचा और सामान अस्त-व्यस्त मिला। आसपास किसी प्रकार के कैमरे नहीं लगे होने से पुलिस को सुराग जुटाने में परेशानी आ रही है। पीड़ित दंपत्ति प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है। घटना के समय पत्नी अस्पताल के कार्य से बाहर गई थी।
राजीव गांधी नगर थाना पुलिस के अनुसार, रामदेव कॉलोनी निवासी सुरेश मेघवाल ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि 21 मई को दोपहर के समय घर खाली था। पत्नी अस्पताल गई हुई थी। लौटने पर मकान का ताला टूटा मिला और घर का सामान बिखरा पड़ा था। चोर मकान के भीतर रखा संदूक उठाकर ले गए और बाद में उसे नजदीक के खाली भूखंड में डाल दिया।
पीड़ित के अनुसार संदूक में करीब 20 से 22 तोला सोने के आभूषण रखे थे, जिनमें आड़, हार, चांदबाला, मंगलसूत्र, रखड़ी सेट, हाथ की पूंच की जोड़ी, अंगूठियां, ओम का प्रतीक, कानों के झुमके, नाक की बालियां, माथे का फूल और नथ शामिल थे। इसके अलावा करीब 65 तोला चांदी के आभूषण, जिनमें पायजेब, अंगूठी, बिछियां, ब्रेसलेट और कंगन सेट रखे थे। बदमाश करीब 50 हजार रुपये नकद भी अपने साथ ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, ऐसे में मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
शहर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-15 में भी सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया। यहां बदमाश मकान में सेंध लगाकर दो से तीन तोला सोने के गहने और पांव भर चांदी के सामान चोरी कर ले गए। मकान मालिक ज्ञानसिंह तंवर ने इस मामले में चौहाबो थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।






.jpg)







