बर्दवान, 21 मई।
बर्दवान जिले के दुर्गापुर स्थित सृजनी हॉल में गुरुवार को मुख्यमंत्री अपनी पहली प्रशासनिक बैठक आयोजित करने जा रहे हैं, जिसमें पूर्व बर्दवान, पश्चिम बर्दवान, बीरभूम, बांकुड़ा और पुरुलिया जैसे पांच जिलों की प्रशासनिक एवं पुलिस व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
इससे पहले मुख्यमंत्री गुरुवार सुबह कोलकाता के चिनार पार्क स्थित आवास से प्रस्थान कर सबसे पहले बेलूर मठ पहुंचेंगे, जहां वे पूजा-अर्चना करेंगे, इसके बाद हावड़ा जिलाधिकारी कार्यालय में अधिकारियों से औपचारिक भेंट करेंगे।
इसके पश्चात वे दमदम एयरपोर्ट से विशेष विमान के माध्यम से अंडाल एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे, जहां पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।
स्वागत कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से दुर्गापुर स्थित सृजनी हॉल पहुंचेंगे, जहां दोपहर दो बजे से प्रशासनिक बैठक का आयोजन किया जाएगा।
इस अहम बैठक में संबंधित पांच जिलों के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा थाना प्रभारी सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहेंगे, जबकि बैठक को पूरी तरह गोपनीय रखा गया है और मीडिया तथा बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक रहेगी।
बैठक समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री पत्रकारों से बातचीत करेंगे और इसके बाद अंडाल एयरपोर्ट से विशेष विमान द्वारा कोलकाता के लिए रवाना हो जाएंगे।
इस दौरे को लेकर पुलिस एवं प्रशासनिक महकमे में विशेष उत्साह देखा जा रहा है, जबकि हाल के दिनों में पुलिस के समर्थन में दिए गए बयानों के बाद अधिकारियों में सकारात्मक माहौल बना है।
राजनीतिक एवं प्रशासनिक दृष्टि से इस दौरे को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में क्षेत्रीय विकास और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को नई दिशा मिलने की संभावना जताई जा रही है।






.jpg)





