खूंटी, 21 मई।
विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा है कि तोरपा विधानसभा क्षेत्र का संतुलित और सर्वांगीण विकास उनकी शीर्ष प्राथमिकता है तथा पानी, सड़क और पुल जैसी बुनियादी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए आगामी वित्तीय वर्ष में आवश्यक फंड आवंटित कर कार्य शुरू कराया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
वे गुरुवार को कर्रा प्रखंड की उड़ीकेल पंचायत के सिमगड़ा (गढ़ाटोली) गांव में स्थानीय विकास और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर आयोजित ग्रामसभा को संबोधित कर रहे थे, जहां उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर शीघ्र समाधान का भरोसा भी दिलाया।
विधायक ने कहा कि वे अपने क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयासरत हैं और आगे भी निरंतर कार्य जारी रहेगा, इस दौरान ग्रामीणों ने पेयजल संकट, जर्जर सड़कों की मरम्मत और नए पुल निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि बारिश के मौसम में पुल के अभाव में गांव का संपर्क अन्य क्षेत्रों से कट जाता है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है और जनजीवन प्रभावित होता है।
ग्रामसभा में उड़ीकेल मुखिया छत्री हेमरोम, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष राहुल केशरी, ग्राम प्रधान जोसफ आइंद, ग्रामसभा अध्यक्ष लाजरूस आइंद, ग्राम पहान रफाईल आइंद, गरगंजी ग्राम प्रधान सोमरा आइंद, उप मुखिया कलेमेंसिया आइंद, झामुमो उड़ीकेल पंचायत अध्यक्ष सहदेव आइंद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






.jpg)







