बलरामपुर, 15 मई।
देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में आई वृद्धि का असर अब बलरामपुर जिले में भी स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है। यहां पेट्रोल की दर में 3.14 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बाद कीमत 105.23 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है, वहीं डीजल भी 3.11 रुपये महंगा होकर 98.22 रुपये प्रति लीटर पर बिक रहा है। बढ़ी हुई कीमतों के साथ-साथ आपूर्ति में आई कमी ने हालात को और कठिन बना दिया है।
जिले के अधिकतर पेट्रोल पंपों पर अब राशनिंग जैसी व्यवस्था लागू कर दी गई है। दोपहिया वाहनों को अधिकतम 200 रुपये तक का पेट्रोल दिया जा रहा है, जबकि पेट्रोल कारों में 1000 रुपये और डीजल वाहनों में 2000 रुपये तक ही ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है। संचालकों के अनुसार सीमित आपूर्ति के कारण यह व्यवस्था जरूरी हो गई है, ताकि पंप पूरी तरह खाली न हो जाएं और सभी उपभोक्ताओं को कुछ मात्रा में ईंधन मिल सके।
रामानुजगंज स्थित पुलिस कल्याण पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाने पहुंची अनीता गुप्ता ने कहा कि पहले ही सीमित मात्रा में पेट्रोल मिल रहा था और अब कीमतें भी बढ़ गई हैं। उन्होंने बताया कि रोजाना आने-जाने वाले लोगों के लिए 200 रुपये का पेट्रोल पर्याप्त नहीं है। कई जगह पेट्रोल उपलब्ध न होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पंप संचालक पुरुषोत्तम टेकाम ने बताया कि ऊपर से ही कम मात्रा में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति हो रही है, इसी कारण सीमित वितरण करना पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाइक में 200 रुपये, पेट्रोल कार में 1000 रुपये और डीजल वाहनों में 2000 रुपये तक ही ईंधन दिया जा रहा है, ताकि पंप पूरी तरह खाली होने की स्थिति से बचा जा सके।
उन्होंने यह भी बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे से नई दरें लागू की गई हैं, जिसके बाद दोनों ईंधनों की कीमतों में लगभग 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
उल्लेखनीय है कि अचानक हुई कीमत वृद्धि और सीमित उपलब्धता ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। रोजाना यात्रा करने वाले नौकरीपेशा लोगों, छोटे व्यापारियों और परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। यदि जल्द पर्याप्त आपूर्ति नहीं हुई तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है।















