उज्जैन, 23 मई ।
बकरा ईद से पहले मध्य प्रदेश में कथित गौ तस्करी और गौवंश हत्या की घटनाओं के विरोध में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने शनिवार को खाचरोद में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर गौ संरक्षण को लेकर विभिन्न मांगें उठाईं।
शाम के समय विहिप और बजरंग दल से जुड़े कार्यकर्ता खाचरोद थाने पहुंचे, जहां थाना प्रभारी धनसिंह नलवाया को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में गौ माता को राष्ट्रीय पशु घोषित करने, बकरा ईद के दौरान कथित गौ तस्करी पर रोक लगाने और गौवंश हत्या की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की गई।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि गौ संरक्षण भारतीय संस्कृति और आस्था से जुड़ा विषय है। प्रदेश में अवैध गौ तस्करी और गौवंश हत्या की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता है, ताकि इस प्रकार की गतिविधियों पर नियंत्रण किया जा सके।
प्रदर्शन के दौरान विहिप और बजरंग दल के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष ओजेश सोलंकी, जिला सह मंत्री समरथ सेन, जिला विशेष संपर्क प्रमुख मुकेश संगीतला, जिला गौ रक्षा प्रमुख प्रदीप पाटीदार, जिला सत्संग प्रमुख रामजीत सिंह चौहान, प्रखंड सह संयोजक मोहित पोरवाल, प्रखंड उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमावत और प्रखंड अखाड़ा प्रमुख हेमंत शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।
ज्ञापन का वाचन बजरंग दल प्रखंड संयोजक आकाश राव ने किया। कार्यक्रम के अंत में प्रखंड अध्यक्ष राकेश शर्मा ने आभार व्यक्त किया।




.jpg)

.jpg)







