अपराध
23 May, 2026

घर में काम करने वाली महिला ने उड़ाए 20 लाख के गहने, बेटे संग गिरफ्तार

जबलपुर में लाखों रुपये के गहनों की चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने घर में काम करने वाली महिला और उसके बेटे को गिरफ्तार कर करीब 20 लाख रुपये के जेवर बरामद किए हैं।

जबलपुर, 23 मई ।

ग्वारीघाट थाना क्षेत्र में लाखों रुपये के जेवर चोरी के मामले का पुलिस ने शनिवार को खुलासा करते हुए मां-बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से करीब 20 लाख रुपये मूल्य के चोरी किए गए सोने के आभूषण बरामद किए हैं। मामले की जांच के बाद पुलिस आरोपितों तक पहुंचने में सफल रही।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पल्लवी शुक्ला के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक गोरखपुर एम.डी. नागोतिया के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले की जांच आगे बढ़ाई और संदिग्धों तक पहुंच बनाई।

पुलिस के अनुसार, ग्वारीघाट थाना क्षेत्र के आस्था नगर निवासी शिवेंद्र प्रताप सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह अमेरिका के पेनसिलवेनिया राज्य में वैज्ञानिक के पद पर कार्यरत हैं और परिवार के साथ वहीं रहते हैं। मां नलिनी द्विवेदी के बीमार होने पर उन्हें जबलपुर लाया गया था, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। घर में मां के कमरे की अलमारी के लॉकर में करीब 13 से 14 तोला सोने के गहने और लगभग 500 ग्राम चांदी के आभूषण रखे गए थे।

मई 2026 में अमेरिका लौटने की तैयारी के दौरान जब अलमारी खोली गई तो अधिकांश सोने के जेवर गायब मिले। हालांकि उनके खाली बॉक्स पहले की तरह रखे हुए थे। इसके बाद ग्वारीघाट थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई और पुलिस ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान घर में काम करने वाले लोगों और आसपास के व्यक्तियों से पूछताछ की गई। इसी बीच घर में खाना बनाने वाली ज्योति ठाकुर पर संदेह गहराया। हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने चोरी की बात स्वीकार कर ली। आरोपी महिला ने बताया कि कुछ गहने उसने अपने बेटे यश ठाकुर को सुरक्षित रखने के लिए दिए थे और बाकी जेवर घर में छिपाकर रखे थे।

पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर सोने का हार, पेंडेंट सेट, कान के टॉप्स, मंगलसूत्र, चैन, चूड़ियां, झुमकी, अंगूठी सहित अन्य आभूषण बरामद किए हैं। जब्त किए गए गहनों की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। मामले के खुलासे में थाना प्रभारी एच.आर. आटनेरे समेत पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़