मथुरा, 20 मई ।
अधिक मास के अवसर पर गोवर्धन में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बीती रात स्वयं सड़कों पर उतरकर गोवर्धन सप्तकोसीय परिक्रमा मार्ग का पैदल निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति को परखा।
निरीक्षण देर रात लगभग दो बजे तक चला, जिसमें जिलाधिकारी ने परिक्रमा मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन का विस्तृत जायजा लिया। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सार्वजनिक शौचालयों, स्वास्थ्य शिविरों, विश्राम स्थलों, भंडारों और भोजन वितरण केंद्रों की स्थिति का भी अवलोकन किया। उन्होंने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को और मजबूत करने तथा नियमित रूप से कचरा हटाने के निर्देश दिए। साथ ही गर्मी को देखते हुए पूरे मार्ग पर निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने केवल आधिकारिक रिपोर्ट पर निर्भर रहने के बजाय स्वयं श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से संवाद कर व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया और कई स्थानों पर मिली कमियों को मौके पर ही सुधारने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार और पुलिस बल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अधिक मास मेला अवधि में लगातार निगरानी रखी जाएगी ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।






.jpg)






