हमीरपुर, 20 मई ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री की अपील का प्रभाव अब हमीरपुर जिले में दिखाई देने लगा है, जहां सर्राफा कारोबार से जुड़े व्यापारियों और प्रशासन के बीच हुई बैठक में सोने-चांदी के बुलियन (इंट व बिस्कुट) की खरीद-फरोख्त को नियंत्रित करने तथा विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम करने को लेकर सहमति बनी।
तहसील सभागार राठ में आयोजित इस बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सर्राफा व्यापारी, बुलियन कारोबारी और व्यापार मंडल के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों, विदेशी मुद्रा भंडार पर बढ़ते दबाव तथा देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाए रखने की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की गई।
अधिकारियों ने व्यापारियों को वर्तमान अंतरराष्ट्रीय स्थिति और आर्थिक संतुलन की जरूरतों से अवगत कराते हुए राष्ट्रहित में सहयोग की अपील की। इस पर व्यापारियों ने प्रशासन के साथ पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और स्वेच्छा से बुलियन कारोबार को सीमित करने तथा इसे हतोत्साहित करने की सहमति जताई।
बैठक में व्यापारियों ने यह भी बताया कि स्थानीय स्तर पर अधिकतर ग्राहक पुरानी ज्वेलरी के बदले नई ज्वेलरी लेने आते हैं, जबकि बुलियन की खरीद-फरोख्त सीमित स्तर पर ही होती है। इसके बावजूद उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप सहयोग देने की बात कही।
बैठक के अंत में अधिकारियों ने व्यापारियों से अपील की कि मौजूदा परिस्थितियों में संयम और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए प्रशासन का सहयोग करें। इस दौरान विभिन्न व्यापारिक संगठनों और कर अधिवक्ता संघ के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
सर्राफा व्यापार हमीरपुर, बुलियन कारोबार नियंत्रण, सोना चांदी व्यापार नीति, विदेशी मुद्रा भंडार भारत, आर्थिक नीति बैठक, व्यापारियों प्रशासन बैठक, राठ तहसील बैठक, यूपी सर्राफा एसोसिएशन, ज्वेलरी कारोबार नियम, अर्थव्यवस्था सहयोग पहल, व्यापार नियंत्रण निर्णय, स्थानीय व्यापार हमीरपुर, बुलियन बिक्री रोक, राष्ट्रहित आर्थिक चर्चा, प्रशासनिक अपील व्यापार






.jpg)







