रीवा, 22 मई ।
रीवा जिले के हिनौती गौधाम पहुंचकर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने सुरभि एवं गोपाला गौशेड का लोकार्पण किया। यहां नव-निर्मित शेडों में 1200 से अधिक गौवंश के सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हिनौती गौधाम को प्रदेश के प्रमुख गौसंरक्षण केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है तथा यहां प्राकृतिक खेती की भी शुरुआत की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री नई दिल्ली से प्रयागराज होते हुए सीधे हिनौती गौधाम पहुंचे। यहां उन्होंने विधिवत गौपूजन किया, गौवंश को गुड़ खिलाया और पूरे गौधाम परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष निर्माण कार्यों को तेजी से पूर्ण किया जाए, ताकि बारिश से पूर्व अधिक से अधिक गौवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने गौशेडों में बिजली आपूर्ति और पंखों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ भूसा भंडारण शेड में भी विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में लगाए गए पौधों की नियमित सिंचाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि हिनौती गौधाम को आदर्श गौधाम के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां भविष्य में 25 हजार गौवंश के संरक्षण की व्यापक व्यवस्था की जाएगी।
प्रशासनिक भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में उपमुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने गौधाम प्रबंधन से जुड़े कर्मचारियों और गौसेवकों के मानदेय में वृद्धि तथा उनके लिए शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।
इसके अलावा ग्राम जनप्रतिनिधियों की मांग पर उन्होंने नादघाट पहुंच मार्ग के सुधार और क्षेत्र के सौंदर्यीकरण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। बैठक में गौधाम के प्रस्तावित वर्कप्लान पर भी विस्तार से चर्चा की गई।






.jpg)







