काठमांडू, 21 मई।
नेपाल में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के भीतर ही असंतोष खुलकर सामने आ गया है, जहां सांसद डॉ. अमरेश कुमार सिंह ने अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पांच मार्च को हुए चुनाव के बाद सरकार गठन के महज डेढ़ महीने के भीतर ही उन्होंने प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले वे वित्तमंत्री स्वर्णिम वाग्ले की कार्यप्रणाली पर भी सार्वजनिक रूप से टिप्पणी कर चुके हैं।
सांसद अमरेश सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नेपाल धीरे-धीरे पाकिस्तान जैसे लोकतांत्रिक ढांचे की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की शासन शैली को लेकर संसद की अनदेखी का आरोप लगाते हुए पाकिस्तान के मॉडल का उदाहरण दिया। उन्होंने यह भी कहा कि जिस तरह व्यापारियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी किए बिना हिरासत में लेकर बाद में छोड़ दिया जाता है, उससे नेपाल की छवि एक ‘टेरर स्टेट’ जैसी बनती जा रही है।
सिंह ने आगे कहा कि देश को ‘पुलिस स्टेट’ नहीं बल्कि वास्तविक ‘लोकतांत्रिक राज्य’ के रूप में विकसित होना चाहिए। उन्होंने पाकिस्तान के उदाहरण का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां लोकतंत्र कभी स्थिर नहीं हो पाया और इसका मुख्य कारण संसद को कमजोर किया जाना रहा है।
उन्होंने संकेत दिया कि मौजूदा सरकार अपना कार्यकाल पूरा करने में सफल नहीं होगी और राजनीतिक अस्थिरता की स्थिति आगे भी बनी रह सकती है।






.jpg)







