नई दिल्ली, 21 मई।
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर गुरुवार को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन सहित कई केंद्रीय मंत्रियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान और बलिदान को स्मरण किया।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने अपने आवास पर पूर्व प्रधानमंत्री को नमन करते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान और राष्ट्र सेवा में दिए गए बलिदान को कृतज्ञता और सम्मान के साथ याद किया जाता है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देश के विकास में उनके योगदान को स्मरण किया।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी इस अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देश के प्रति उनके योगदान को याद किया।
उल्लेखनीय है कि राजीव गांधी का 21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में एक आत्मघाती विस्फोट में निधन हो गया था। वे 1984 से 1989 तक देश के प्रधानमंत्री रहे और उन्हें भारत में सूचना प्रौद्योगिकी एवं दूरसंचार क्रांति की नींव रखने वाले नेताओं में शामिल किया जाता है। उनके कार्यकाल में कम्प्यूटरीकरण, दूरसंचार विस्तार और प्रशासनिक आधुनिकीकरण की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहलें की गईं।






.jpg)







