रीवा, 21 मई।
रीवा में एक सरकारी शिक्षक द्वारा आत्महत्या के प्रयास की घटना से हड़कंप मच गया है। पुलिस और एक पत्रकार पर कथित मानसिक प्रताड़ना और दबाव के गंभीर आरोपों के बीच शिक्षक ने सुबह लगभग 7 बजे अपनी कलाई की नस काट ली, जिसके बाद उन्हें गंभीर अवस्था में संजय गांधी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
बताया गया कि घटना से पहले शिक्षक ने पांच पन्नों का सुसाइड नोट लिखा, जिसमें विश्वविद्यालय थाना प्रभारी और एक पत्रकार पर लगातार दबाव बनाने, झूठे मामलों में फंसाने और अपमानित करने के आरोप लगाए गए हैं। नोट में शिक्षक ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए लिखा कि वे “जुल्म सहन नहीं कर पाए”।
आत्मघाती कदम उठाने के बाद शिक्षक ने अपनी खून से सनी तस्वीर एक शिक्षकों के व्हाट्सएप ग्रुप में भेज दी, जिससे सहकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत परिजनों को सूचना दी गई। घटना के समय शिक्षक गांव में थे, जबकि उनका परिवार शहर में मौजूद था। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
शिक्षक अनिल कुमार तिवारी सीएम राइज स्कूल लालगांव में पदस्थ हैं। सुसाइड नोट में उन्होंने आरोप लगाया है कि उन्हें झूठे मामलों में फंसाकर मानसिक रूप से इस कदर परेशान किया गया कि उनका जीवन असहनीय हो गया।
परिजनों के अनुसार विवाद की शुरुआत एक पेड़ काटने के मामले से हुई थी, जिसमें आरोप है कि बिना अनुमति पेड़ काटा गया था। विरोध करने पर धमकियां दी गईं और बाद में थाने में फर्जी केस दर्ज कराया गया, जिससे शिक्षक लगातार तनाव में रहने लगे।
घटना के बाद बड़ी संख्या में शिक्षक, परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।






.jpg)







