रायपुर, 21 मई।
तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में बीएनबी हाई स्कूल से कॉलेज मार्ग के बीच सरकारी जमीन पर बन रही तीन अवैध दुकानों पर गुरुवार को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटा दिया।
यह कार्रवाई सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई, जिसमें आम नागरिकों ने राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा को अतिक्रमण की जानकारी दी थी। शिकायत के बाद मंत्री ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
इसके पश्चात जिला प्रशासन ने स्थल निरीक्षण कर पुष्टि की कि सरकारी भूमि पर अवैध रूप से निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसके बाद तहसीलदार श्री बघेल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन तीनों दुकानों को हटवा दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में तिल्दा-नेवरा शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा।






.jpg)







