रायपुर, 21 मई।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजय शंकर मिश्रा ने बयान जारी कर आरोप लगाया है कि छत्तीसगढ़ में बढ़ते अपराधों के पीछे कई कांग्रेसी नेताओं और उनके कार्यकर्ताओं की भूमिका रही है तथा प्रदेश में शांति और सामान्य जीवन को बाधित करने की मानसिकता विपक्षी नेताओं में देखी जा रही है।
उन्होंने कहा कि कुछ कांग्रेसी नेता अपने घरों में काम करने वाले लोगों को भी आपराधिक गतिविधियों की ओर प्रेरित कर रहे हैं और उन्हें प्रदेश में घटनाओं को अंजाम देने के लिए तैयार किया जा रहा है, साथ ही उन्होंने भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक से मोबाइल लूट की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि आरोपी का संबंध एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता के घर से जुड़ा रहा है और उसके पिता भी वहीं कार्यरत थे।
भाजपा प्रवक्ता ने आगे कहा कि राज्य में कई कांग्रेस नेताओं पर केंद्रीय जांच एजेंसियों और स्थानीय पुलिस द्वारा विभिन्न मामलों में कार्रवाई की गई है, जिनमें बड़े घोटालों से लेकर वित्तीय अनियमितताओं और अन्य अपराधों की जांच शामिल है।
उन्होंने दावा किया कि कोयला लेवी घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग के करीब 540 करोड़ रुपये से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने छापेमारी की थी, जिसमें कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं और सहयोगियों के ठिकाने जांच के दायरे में आए, और पार्टी फंड तथा चुनावी खर्चों में अवैध राशि के उपयोग के आरोप भी सामने आए हैं।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि सतीश अग्रवाल और आर.पी. सिंह के परिसरों पर भी कथित लाभार्थियों के रूप में कार्रवाई हुई, जबकि विभिन्न मामलों में अन्य नेताओं की भी जांच हुई है।
डॉ. मिश्रा ने आगे कहा कि जनवरी 2026 में कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू को एक किसान से लगभग 43 लाख रुपये की धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, जो उनके सहकारी समिति प्रबंधन काल से जुड़ा मामला है।
उन्होंने यह भी कहा कि अगस्त 2024 में भिलाई के विधायक देवेंद्र यादव को बलौदाबाजार में सतनामी समाज के प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा और कलेक्ट्रेट भवन में आगजनी से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया गया था।
साथ ही जून 2025 में अरुण तिवारी और बृजमोहन सिंह को सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियों और धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, वहीं रायपुर में एक लूट के मामले में ओम प्रकाश साहू का नाम सामने आने के बाद उन्हें पार्टी से निलंबित किया गया।
उन्होंने कहा कि विभिन्न आपराधिक मामलों में कांग्रेस और एनएसयूआई से जुड़े कार्यकर्ताओं के नाम लगातार सामने आते रहे हैं और अब यह स्पष्ट है कि अपराधों में कांग्रेस नेताओं की भूमिका रही है।






.jpg)







