पूर्वी सिंहभूम, 21 मई।
मानगो थाना क्षेत्र के पारडीह चौक स्थित एक गल्ला दुकान में बुधवार देर रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई, जिसमें चोरों ने दुकान की एस्बेस्टस छत काटकर अंदर प्रवेश किया और नकदी व सामान लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार पारडीह चौक स्थित “मामा स्टोर” के संचालक महेश सिंह रोजाना की तरह बुधवार रात लगभग 11 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे और उन्होंने दूध, दही सहित अन्य कच्चे माल के सप्लायरों को सुबह भुगतान करने के लिए बिक्री की नकदी दुकान में ही रखी थी।
गुरुवार सुबह लगभग 6 बजे जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का दृश्य देखकर हैरान रह गए, दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और छत की ओर देखने पर पता चला कि एस्बेस्टस शीट काटकर चोर अंदर घुसे थे, जिसके बाद जांच करने पर बैग में रखे करीब 85 हजार रुपये नकद और लगभग 10 हजार रुपये का सामान गायब पाया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह मौके पर पहुंचे और पीड़ित दुकानदार से पूरी जानकारी ली, जिसके बाद उन्होंने मानगो थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई और जल्द कार्रवाई की मांग की।






.jpg)







