सिलीगुड़ी, 21 मई।
सिलीगुड़ी के नक्सलबाड़ी क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद की गई है। गिरफ्तार युवक की पहचान मुर्शिदाबाद के साहबाजपुर निवासी विश्वजीत प्रमाणिक के रूप में हुई है, और बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार एशियन हाईवे पर नक्सलबाड़ी के खालपाड़ा मोड़ के पास एक संदिग्ध युवक को रोका गया था। पूछताछ के दौरान उसके जवाबों में विरोधाभास पाए जाने पर तलाशी ली गई, जिसमें उसके स्कूल बैग से तीन प्लास्टिक टिफिन बॉक्स में छिपाकर रखी गई ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसका कुल वजन लगभग 310 ग्राम निकला।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मुर्शिदाबाद के जंगीपुर से बस के जरिए नक्सलबाड़ी पहुंचा था और यहां मादक पदार्थ की डिलीवरी करने की योजना बना रहा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते उसकी यह कोशिश विफल हो गई और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए सिलीगुड़ी अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है।






.jpg)







