नई दिल्ली, 21 मई।
मोदी सरकार के केंद्र में 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी का अल्पसंख्यक मोर्चा 5 से 21 जून तक देशभर में व्यापक स्तर पर कार्यक्रमों का आयोजन करेगा, जिसकी तैयारियों को लेकर वर्चुअल बैठक आयोजित की गई जिसमें संगठनात्मक रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता मोर्चा अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने की, जबकि इसमें राष्ट्रीय महासचिव एवं मोर्चा प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम सहित राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी शामिल रहे। बैठक में आगामी कार्यक्रमों के संचालन के लिए राष्ट्रीय, प्रदेश और जिला स्तर पर समितियों के गठन का निर्णय लिया गया, जिनमें संयोजक, सह संयोजक और तीन सदस्य शामिल किए गए हैं, साथ ही महिला सशक्तीकरण को ध्यान में रखते हुए एक महिला सदस्य को भी शामिल किया गया है।
कार्यक्रमों के तहत विश्व पर्यावरण दिवस को जनभागीदारी और सामाजिक प्रभाव के साथ मनाने की योजना बनाई गई है, जिसमें प्रधानमंत्री के पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के विजन को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर रहेगा। इसके तहत मस्जिदों, मदरसों, स्कूलों, पार्कों, कब्रिस्तानों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा।
इसके साथ ही “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को बढ़ावा देने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया जाएगा, जिसमें नागरिकों से अपनी माताओं के नाम पर पौधा लगाने और उसे सोशल मीडिया पर साझा करने की अपील की जाएगी। साइकिल और बाइक जागरूकता रैली के माध्यम से ईंधन बचत, प्रदूषण नियंत्रण और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा, वहीं स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त अभियान के तहत अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों, बाजारों और धार्मिक स्थलों पर सफाई अभियान और जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
मोर्चा की ओर से मीडिया संवाद के माध्यम से पिछले 12 वर्षों में सरकार की पर्यावरणीय उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की योजना भी बनाई गई है, साथ ही स्कूलों और कॉलेजों में निबंध, चित्रकला और स्लोगन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। अभियान के तहत प्रधानमंत्री की प्रमुख योजनाओं जैसे आवास योजना, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, मुद्रा लोन, स्किल इंडिया और छात्रवृत्ति योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संपर्क किया जाएगा।
21 जून को योग दिवस पर सामूहिक योग अभ्यास, राष्ट्रगान, वंदे मातरम्, प्रधानमंत्री का संदेश प्रसारण और “स्वस्थ भारत– विकसित भारत” संकल्प कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसके बाद वृक्षारोपण अभियान भी चलाया जाएगा।




.jpg)







