मुंबई, 21 मई ।
पूर्व भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज ऑफ स्पिनर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ‘बिलियनेयर्स फॉर पीस कॉन्क्लेव’ कार्यक्रम में शामिल होने मुंबई पहुंचे। यह आयोजन समाज में शांति स्थापित करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से किया गया था, जिसमें हरभजन सिंह को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजकों की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया।
हरभजन सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि समाज की भलाई के लिए कार्य करने वालों को सम्मानित करना अत्यंत सराहनीय पहल है और ऐसे प्रयासों की आज अधिक आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि समाज में शांति स्थापित करने वाले लोगों की संख्या बढ़नी चाहिए और उन्हें सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में आकर उन्हें खुशी हुई और वे आगे भी ऐसे प्रयासों में सहयोग करते रहेंगे।
वैश्विक महंगाई पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि आज दुनिया तेल और सोने की कीमतों में वृद्धि से प्रभावित है और इसका प्रमुख कारण वैश्विक अशांति है। उन्होंने कहा कि यदि ईरान-इजरायल-अमेरिका जैसे संघर्ष नहीं होते तो ऐसी आर्थिक समस्याएं उत्पन्न नहीं होतीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन परिस्थितियों का जल्द शांतिपूर्ण समाधान निकलेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इटली दौरे के दौरान ‘एग्रीकोला पदक’ से सम्मानित किए जाने पर हरभजन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री का सम्मान पूरे देश का सम्मान है और इससे देश को गर्व महसूस होता है। उन्होंने इस उपलब्धि को भारत के लिए गौरवपूर्ण बताया।
प्रधानमंत्री द्वारा इटली यात्रा के दौरान वहां की प्रधानमंत्री को चॉकलेट उपहार में देने पर उठी आलोचना को लेकर उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम हर बात पर सवाल उठाना होता है और वे इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष इतना सक्षम था तो अपने कार्यकाल में बेहतर काम क्यों नहीं किए गए।
पश्चिम बंगाल में मदरसों में ‘वंदे मातरम’ को अनिवार्य किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह केवल एक राज्य तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि पूरे देश में इसे सम्मान के साथ गाया जाना चाहिए।






.jpg)






