भोपाल, 21 मई ।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जनजातीय समुदाय के लिए आवास, स्वास्थ्य और जनकल्याण के क्षेत्रों में प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने जनजातीय लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक लोक नृत्य एवं गीतों को क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बताया।
राज्यपाल पांढुर्णा जिले के ग्राम आमला में आयोजित जनजातीय समुदाय संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए और उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम खुटामा में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के हितग्राही के घर पर आत्मीय भोज भी किया।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान योजना प्रत्येक नागरिक को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने में अत्यंत प्रभावी सिद्ध हुई है, जिससे गंभीर बीमारियों के उपचार में बड़ी राहत मिली है। उन्होंने बताया कि 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों को भी इस योजना का लाभ मिल रहा है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पक्के मकान के सपने साकार होने की बात कही।
राज्यपाल ने सिकल सेल बीमारी के परीक्षण और उपचार के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा किसानों को प्राकृतिक और जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है और इसे बढ़ावा दिया जाना चाहिए।
ग्राम आमला में कृषि विभाग द्वारा लगाए गए जैविक उत्पादों के स्टॉल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने किसानों से संवाद किया और उनके उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने जैविक हल्दी, तुअर दाल, शुगर फ्री काला आलू और प्राकृतिक गेहूं जैसी फसलों की सराहना की।
इस अवसर पर सांदीपनि विद्यालय सौंसर के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया तथा शासकीय हाईस्कूल आमला के विद्यार्थियों ने गोंडी नृत्य की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए, जिनमें दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, फूड बास्केट, स्वरोजगार सहायता, सॉइल हेल्थ कार्ड तथा अन्य लाभ शामिल रहे।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति रही, जहां राज्यपाल का सम्मान किया गया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।




.jpg)







