मध्य प्रदेश
21 May, 2026

गिरिबाला सिंह को अध्यक्ष पद से हटाया गया, ट्विशा प्रकरण में सीबीआई जांच की तैयारी तेज

ट्विशा शर्मा प्रकरण में प्रशासनिक कार्रवाई तेज, गिरिबाला सिंह को आयोग अध्यक्ष पद से हटाया गया और सीबीआई जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ने के संकेत के साथ इनाम राशि बढ़ाने व अन्य जांचीय पहलुओं पर भी सख्ती दिखाई गई।

भोपाल, 21 मई ।

भोपाल। बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में राज्य सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व जज गिरिबाला सिंह को जिला उपभोक्ता विभाग विवाद प्रतितोषण आयोग के अध्यक्ष पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा आदेश जारी कर दिया गया है, जिसमें कटारा हिल्स थाने में दर्ज अपराध को आधार बताया गया है।

सूत्रों के अनुसार गिरिबाला सिंह की बहू के परिजनों ने उन पर हत्या के आरोप लगाते हुए उन्हें आयोग के अध्यक्ष पद से हटाने की मांग शासन से की थी। मामले की जांच के दौरान उनकी भूमिका को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं, जिनमें जांच को प्रभावित करने और पीड़ित पक्ष को धमकाने जैसे आरोप भी शामिल हैं।

ट्विशा के परिजनों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच की मांग उठाई थी। इसके बाद सरकार द्वारा मामले को सीबीआई को सौंपने की औपचारिक सिफारिश भेजने की तैयारी की जा रही है। मुख्यमंत्री पहले ही परिवार को सीबीआई जांच का आश्वासन दे चुके हैं, वहीं राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।

इधर ट्विशा शर्मा के पति और अधिवक्ता समर्थ सिंह अब भी फरार हैं। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किया है तथा उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करने और पासपोर्ट निरस्त करने की प्रक्रिया भी चल रही है। अदालत द्वारा उनकी अग्रिम जमानत याचिका पहले ही खारिज की जा चुकी है।

परिजन दोबारा पोस्टमार्टम के लिए शव को दिल्ली स्थित एम्स भेजने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अदालत ने शव को दिल्ली ले जाने की अनुमति नहीं दी है, हालांकि मध्यप्रदेश में सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं और पुलिस ने दूसरे पोस्टमार्टम पर कोई आपत्ति नहीं जताई है।

मामले में आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी है, जहां गिरिबाला सिंह द्वारा ट्विशा के मानसिक हालात और निजी जीवन को लेकर किए गए दावों को परिवार ने पूरी तरह खारिज कर दिया है। वहीं सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो क्लिप में प्रताड़ना के आरोप भी सामने आए हैं।

जांच में सीसीटीवी फुटेज, व्हाट्सएप चैट और कॉल रिकॉर्ड्स को शामिल किया गया है। फिलहाल विशेष जांच दल मामले की जांच कर रहा है, लेकिन शुरुआती जांच पर लगातार सवाल उठ रहे हैं और अब सबकी नजर संभावित सीबीआई जांच पर टिकी हुई है। इसी बीच भोपाल पुलिस कमिश्नर द्वारा समर्थ सिंह की गिरफ्तारी पर इनाम राशि बढ़ाकर 30000 रुपये कर दी गई है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़