नई दिल्ली, 21 मई ।
साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स अपनी चार दिवसीय राजकीय यात्रा के तहत मुंबई से गुरुवार शाम नई दिल्ली पहुंचे, जहां उनका औपचारिक स्वागत किया गया और शुक्रवार को उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता प्रस्तावित है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति का गार्ड ऑफ ऑनर के साथ स्वागत किया गया तथा सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टमटा ने उनका अभिनंदन किया।
बताया गया कि यह यात्रा प्रधानमंत्री मोदी की जून 2025 में साइप्रस यात्रा के दौरान बनी गति को आगे बढ़ाती है और दोनों देशों के बीच साझेदारी को और सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलाइड्स 20 से 23 मई तक भारत के राजकीय दौरे पर हैं और उनके साथ विदेश मंत्री कॉन्स्टेंटिनोस कोम्बोस, परिवहन मंत्री एलेक्सिस वाफेडेस सहित वरिष्ठ अधिकारी और व्यापारिक प्रतिनिधियों का उच्च स्तरीय दल भी मौजूद है।
शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी और साइप्रस राष्ट्रपति के बीच व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, संस्कृति, रक्षा, सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, फिनटेक और नवाचार जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा होगी, साथ ही वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति के सम्मान में दोपहर भोज का आयोजन करेंगे, वहीं राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलाइड्स राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे और उनके सम्मान में आधिकारिक रात्रिभोज का आयोजन किया जाएगा।












